August 2, 2026 2:52 am

हाथियों का आतंक जारी, भगदड़ में कुएं में गिरने से युवक की मौत

हाथियों का आतंक जारी, भगदड़ में कुएं में गिरने से युवक की मौत

सरिया: सरिया प्रखंड के बागोडीह गांव में बीती रात हाथियों के आतंक के बीच एक दर्दनाक हादसा हो गया। झुंड से बिछड़ा एक हाथी गांव में घुस आया, जिससे ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान भगदड़ में 17 वर्षीय अनुराग यादव की कुएं में गिरने से मौत हो गई।

मृतक अनुराग यादव, पिता ललन यादव, बागोडीह गांव का निवासी था। ग्रामीणों के अनुसार रात करीब 8 बजे झुंड से बिछड़ा हाथी का बच्चा अचानक गांव में पहुंच गया। हाथी को गांव से बाहर भगाने के लिए ग्रामीण जुटे, लेकिन इसी दौरान मची भगदड़ में अनुराग कुएं में गिर गया।

ग्रामीणों ने तत्काल उसे कुएं से बाहर निकालकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बताया जाता है कि अनुराग अपने घर का बड़ा बेटा था और हजारीबाग में रहकर पढ़ाई करता था। कुछ दिन पहले ही परीक्षा समाप्त होने के बाद वह घर लौटा था। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

अंतिम संस्कार में पहुंचे विधायक नागेंद्र महतो

इस दुःखद घटना पर बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो मृतक अनुराग यादव के अंतिम संस्कार में शामिल हुए और श्रद्धासुमन अर्पित कर परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने शोक संतप्त परिवार को ढांढस बंधाते हुए गहरी संवेदना व्यक्त की।

विधायक ने तत्काल डीएफओ एवं वन विभाग के अन्य अधिकारियों से दूरभाष पर बात कर विभागीय प्रक्रिया के तहत आपदा मद से उचित मुआवजा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।

इस दौरान बागोडीह पंचायत के मुखिया धानेश्वर साव, पंचायत समिति प्रतिनिधि देवानंद पासवान, बुधन साव, बासुदेव यादव, दीपक साव सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सतर्क रहें, वन विभाग लगातार कर रहा कार्य : अंशु पांडेय

वन विभाग सरिया के फॉरेस्टर अंशु पांडेय ने बताया कि हाथियों का एक झुंड धोवारी जंगल क्षेत्र में है, जबकि एक अकेला हाथी बागोडीह के आसपास घूम रहा है। सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और हाथी को सुरक्षित स्थान की ओर भेजने का प्रयास किया गया।

उन्होंने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि हाथी दिखने पर घबराएं नहीं, न ही उसे छेड़ने या भगाने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग को सूचना दें और सतर्कता बरतें।

Ranjan Kumar
Author: Ranjan Kumar

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें