गिरिडीह पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 104 अभियुक्त गिरफ्तार
389 वारंट और 10 कुर्की का निष्पादन, 275 अपराधियों का हुआ भौतिक सत्यापन
गिरिडीह। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले में अपराध नियंत्रण एवं कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से चलाए गए विशेष समकालीन अभियान के तहत गिरिडीह पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुल 104 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह अभियान 14 मई 2026 से 20 मई 2026 तक जिलेभर में चलाया गया।
अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में फरार चल रहे 25 वांछित अभियुक्तों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया। वहीं न्यायालय द्वारा जारी वारंट के आलोक में कार्रवाई करते हुए 79 वारंटी अभियुक्तों को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरिडीह पुलिस ने अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कुल 389 वारंट तथा 10 कुर्की का सफल निष्पादन किया। इसके अलावा संपत्ति मूलक अपराधों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चोरी, लूट, डकैती, गृहभेदन और ठगी जैसे मामलों से जुड़े 275 अपराधियों एवं अभियुक्तों का भौतिक सत्यापन भी किया गया।
पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गिरिडीह पुलिस जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ इस प्रकार के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।
मीडिया सेल, पुलिस अधीक्षक कार्यालय गिरिडीह द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई।












