केशवारी-दलांगी पुल निर्माण को लेकर उपायुक्त रामनिवास यादव ने किया निरीक्षण
सीमांकन कार्य का लिया जायजा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
गिरिडीह। जिला उपायुक्त Ramnivas Yadav ने गुरुवार सुबह सरिया प्रखंड के केशवारी एवं बिरनी प्रखंड के दलांगी गांव को जोड़ने वाले प्रस्तावित पुल निर्माण स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ स्थल का बारीकी से जायजा लेते हुए पुल निर्माण की संभावनाओं, पहुंच मार्ग तथा भू-भाग की स्थिति की जानकारी प्राप्त की।
मौके पर नक्शा एवं गुनिया की सहायता से पुल निर्माण के लिए चयनित भूमि का सीमांकन कार्य भी कराया गया। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सीमांकन कार्य पूरी पारदर्शिता एवं सटीकता के साथ सुनिश्चित किया जाए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की तकनीकी अथवा प्रशासनिक समस्या उत्पन्न न हो।
उपायुक्त ने कहा कि प्रस्तावित पुल क्षेत्र के लोगों के लिए आवागमन की दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण साबित होगा। इससे सरिया एवं बिरनी प्रखंड के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा वर्षा ऋतु में ग्रामीणों को होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने अभियंताओं से पुल निर्माण की प्रारंभिक रूपरेखा, तकनीकी पहलुओं एवं आवश्यक प्रक्रियाओं की जानकारी भी ली। उन्होंने कहा कि पुल निर्माण से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि एवं व्यापारिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य शुरू होने से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। साथ ही स्थानीय ग्रामीणों के साथ समन्वय बनाकर कार्य आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी बगोदर-सरिया Santosh Gupta, अंचलाधिकारी सरिया, अंचलाधिकारी बिरनी, प्रखंड विकास पदाधिकारी सरिया, संबंधित विभाग के अधिकारी, अभियंता एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित थे।












