सरिया पावापुर जंगल में हाथी का शव मिलने से सनसनी
वन विभाग व पशु चिकित्सकों की टीम जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी मौत की वजह स्पष्ट
सरिया। सरिया प्रखंड अंतर्गत पावापुर जंगल स्थित केतरिया नदी क्षेत्र में एक हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी।
सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तथा पशु चिकित्सकों की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हाथी की मौत लगभग पांच दिन पूर्व होने की आशंका जताई जा रही है। जंगल के बीच शव मिलने से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
मामले को लेकर टीवीओ अनूप सिंह ने बताया कि हाथी के शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हाथी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल वन विभाग पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रहा है।
ज्ञात हो कि पिछले कुछ दिनों से सरिया और आसपास के इलाकों में हाथियों का उत्पात लगातार बढ़ा हुआ है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है।













