सार्वजनिक चापानल पर निजी मोटर लगाने वालों पर सख्त कार्रवाई
सरिया
सरिया प्रखंड अंतर्गत सबलपुर पंचायत के पोटमा गांव में सार्वजनिक चापानल पर अवैध रूप से निजी मोटर लगाए जाने के मामले में प्रखंड प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए मोटर को खुलवा दिया। यह कार्रवाई प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी के निर्देश पर की गई।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी चंद्रशेखर राम द्वारा सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए चापानल पर निजी मोटर लगाकर पानी का उपयोग किया जा रहा था, जिसका ग्रामीणों ने विरोध किया। शिकायत मिलने के बाद प्रशासन हरकत में आया और तत्काल विभागीय कार्रवाई करते हुए मोटर हटवा दिया गया।
प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक चापानल, कुआं या सरकारी जलस्रोत पर किसी भी व्यक्ति द्वारा निजी कब्जा करना या मोटर लगाना पूरी तरह गैरकानूनी है। सरकारी संसाधन आम जनता के लिए हैं और इस पर किसी का व्यक्तिगत अधिकार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई व्यक्ति सार्वजनिक जलस्रोत पर निजी मोटर लगाते या कब्जा करते पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि सार्वजनिक संसाधनों की सुरक्षा और समान उपयोग सुनिश्चित करने के लिए ऐसे कदम जरूरी हैं।













