प्रिंस खान गिरोह पर धनबाद पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। इसी क्रम में बरवाअड्डा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रिंस खान व गोपी खान गिरोह से जुड़े अपराधी सोनु दर्जी उर्फ मंजुर आलम को गिरफ्तार किया है। आरोपी धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गायढेरा का निवासी बताया गया है।
पुलिस के अनुसार बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 11/26 के आरोपी सोनु दर्जी के खिलाफ गुप्त सूचना मिली थी कि वह प्रिंस खान और गोपी खान गिरोह के साथ मिलकर व्यवसायियों, बीसीसीएल ठेकेदारों एवं आउटसोर्सिंग कंपनियों से रंगदारी वसूलता था। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि रंगदारी से प्राप्त रकम को आरोपी जमीन कारोबार में निवेश करता था तथा गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने का काम भी करता था।
गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में आरोपी ने अपने अपराध को स्वीकार कर लिया। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस ने हथियार और जिंदा गोली बरामद की। बरामदगी के आधार पर बरवाअड्डा थाना कांड संख्या 79/26 के तहत आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में नया मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि धनबाद में सक्रिय अपराधी गिरोहों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और रंगदारी तथा अवैध हथियार कारोबार में शामिल किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।













