April 29, 2026 1:25 pm

गिरिडीह में फूड पॉयजनिंग से हड़कंप: एक बच्चे की मौत, 20 से अधिक बीमार

 

गिरिडीह में फूड पॉयजनिंग से हड़कंप: एक बच्चे की मौत, 20 से अधिक बीमार

बजटों गांव में फास्ट फूड खाने से बिगड़ी हालत, उपायुक्त ने अस्पताल व घटनास्थल का किया निरीक्षण

 

गिरिडीह, 26 अप्रैल 2026:

जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत बजटों गांव में फूड पॉयजनिंग की गंभीर घटना सामने आई है। गुपचुप, चाट और छोले जैसे फास्ट फूड के सेवन के बाद 20 से अधिक बच्चे, महिलाएं और पुरुष अस्वस्थ हो गए। सभी प्रभावितों को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना में एक बच्चे की मौत की पुष्टि हुई है, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।

 

घटना की सूचना मिलते ही उपायुक्त रामनिवास यादव सक्रिय हो गए और पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने स्वयं सदर अस्पताल पहुंचकर इलाजरत बच्चों और उनके परिजनों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों से उपचार की अद्यतन जानकारी ली। उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी पीड़ितों को सर्वोत्तम चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही न हो।

 

अस्पताल में डॉक्टरों की टीम द्वारा सभी मरीजों की लगातार निगरानी की जा रही है। प्रशासन के अनुसार, अधिकांश मरीजों की स्थिति में सुधार हो रहा है, जो राहत की बात है।

 

उपायुक्त ने घटनास्थल बजटों गांव का भी निरीक्षण किया और खाद्य पदार्थों की बिक्री व स्वच्छता व्यवस्था की जांच के निर्देश दिए। खाद्य सुरक्षा विभाग को संदिग्ध खाद्य सामग्री के नमूने संग्रहित कर जांच करने को कहा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आम लोगों के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

 

सिविल सर्जन को निर्देश दिया गया है कि इलाज में किसी प्रकार की कमी न हो और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए जाएं। साथ ही विशेषज्ञ डॉक्टरों की तैनाती और 24 घंटे निगरानी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

 

जिला प्रशासन ने आमजनों से अपील की है कि वे खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों के सेवन से बचें और स्वच्छता का विशेष ध्यान रखें। किसी भी प्रकार की अस्वस्थता होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की सलाह दी गई है।

Ranjan Kumar
Author: Ranjan Kumar

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें