सरिया पुलिस की बड़ी कामयाबी: ₹3 लाख चोरी कांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
एक सप्ताह में सुलझा मामला, बाइक- मोबाइल व नगद बरामद
गिरिडीह/सरिया, 23 अप्रैल 2026:
सरिया थाना क्षेत्र के केसवारी बाजार के पास 15 अप्रैल 2026 को हुई ₹3 लाख की चोरी की घटना का पुलिस ने महज एक सप्ताह के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वादिनी मंजू देवी (44 वर्ष), पत्नी लखन महतो, निवासी ग्राम बालेडीह, थाना सरिया, ने भारतीय स्टेट बैंक, सरिया शाखा से ₹3 लाख की निकासी कर राशि मोटरसाइकिल की डिक्की में रखी थी। घर लौटने के दौरान केसवारी बाजार स्थित एक फल दुकान पर खरीदारी करते समय अज्ञात चोरों ने डिक्की से रुपये पार कर दिए थे।
घटना के संबंध में सरिया थाना कांड संख्या 70/2026 दर्ज कर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी धनंजय राम के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी:
खुर्शीद अंसारी (37 वर्ष), निवासी बिशनपुर पचंबा, थाना पचंबा एवं मोहम्मद साबिर अंसारी (लगभग 50 वर्ष), निवासी थाना पचंबा, जिला गिरिडीह।
पुलिस ने आरोपियों के निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ग्लैमर मोटरसाइकिल (JH 11 AA 7883), दो मोबाइल फोन एवं ₹15,000 नगद बरामद किया है। पूछताछ में दोनों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है तथा शेष राशि की बरामदगी एवं मामले की जांच जारी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भरोसा बढ़ा है।











