उपायुक्त रामनिवास यादव ने लगाया जनता दरबार, दर्जनों फरियादियों की सुनी समस्याएं
गिरिडीह: गिरिडीह जिला के 45वें उपायुक्त रामनिवास यादव ने पदभार ग्रहण के पश्चात अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार का आयोजन किया। इस दरबार में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए दर्जनों नागरिकों ने व्यक्तिगत एवं सामाजिक समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया।
जनता दरबार के दौरान श्री यादव ने सभी आवेदनों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया और आवश्यक कार्रवाई हेतु निर्देश दिए। कई मामलों का मौके पर ही समाधान भी किया गया।
आज के दरबार में मुख्य रूप से राजस्व, स्वास्थ्य, पेंशन, राशन और पेयजल से जुड़ी शिकायतें सामने आईं। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पक्ष और शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।













