सरिया अनुमंडलीय अस्पताल के उद्घाटन में देरी पर विधानसभा में गूंजा मुद्दा
गिरिडीह
: झारखंड विधानसभा में बगोदर विधायक सह सचेतक नागेंद्र महतो ने शून्यकाल के दौरान सरिया प्रखंड के बगोदर-सरिया अनुमंडल में बने नवनिर्मित अनुमंडलीय अस्पताल और अनुमंडल कार्यालय के उद्घाटन में हो रही देरी का मुद्दा जोरदार तरीके से उठाया।
विधायक नागेंद्र महतो ने कहा कि करोड़ों रुपये की लागत से सरिया के बगोडीह में अनुमंडलीय अस्पताल तथा अनुमंडल कार्यालय का भवन बनकर पूरी तरह तैयार है, लेकिन सरकार और प्रशासन की उदासीनता के कारण अब तक इसका उद्घाटन और संचालन शुरू नहीं किया गया है।
उन्होंने कहा कि अस्पताल का निर्माण क्षेत्र की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के उद्देश्य से किया गया था, लेकिन लंबे समय से बंद पड़े रहने के कारण यह भवन उद्घाटन की आस में जर्जर होने लगा है। इससे स्थानीय लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है।
विधायक ने सरकार से मांग की कि आम जनता की सुविधा को देखते हुए सरिया अनुमंडलीय अस्पताल और कार्यालय का जल्द से जल्द उद्घाटन कर उसे चालू किया जाए, ताकि बगोदर-सरिया अनुमंडल के हजारों लोगों को स्वास्थ्य और प्रशासनिक सेवाओं का लाभ मिल सके।











