बॉलीवुड गायिका शिल्पा राव को राष्ट्रीय पुरस्कार, मुख्यमंत्री ने दी बधाई
रांची : मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन एवं विधायक कल्पना सोरेन से मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास, कांके रोड में बॉलीवुड गायिका एवं झारखंड (जमशेदपुर) की बेटी शिल्पा राव ने शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने 71वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में सर्वश्रेष्ठ महिला पार्श्वगायिका का सम्मान मिलने पर शिल्पा राव को हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि राज्य की बेटियों ने कई बार राष्ट्रीय मंच पर झारखंड का नाम रोशन किया है। शिल्पा राव की यह उपलब्धि युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणा बनेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह सम्मान केवल कलाकार का नहीं, बल्कि पूरे राज्य का सम्मान है।
बॉलीवुड सिंगर शिल्पा राव ने मुख्यमंत्री के साथ अपनी गायकी की शुरुआत से लेकर राष्ट्रीय पुरस्कार मिलने तक की यात्रा को साझा किया और झारखंड की मिट्टी से मिले संस्कारों का उल्लेख किया। उन्होंने राज्यवासियों का आभार भी प्रकट किया।












