युवाओं की पढ़ाई और कमाई पर हेमन्त सरकार का फोकस
रांची, 2 सितंबर 2025।
झारखंड मंत्रालय सभागार में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण सह मेधा सम्मान समारोह में 975 नवनियुक्त स्नातकोत्तर प्रशिक्षित शिक्षक, सहायक आचार्य और प्रयोगशाला सहायकों को नियुक्ति पत्र सौंपा गया।
कार्यक्रम में जैक, सीबीएसई, आईसीएसई बोर्ड एवं मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय के 10वीं तथा 12वीं के टॉपर्स और राज्य सरकार द्वारा संचालित आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना और झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 का शुभारंभ भी किया गया।
नेतरहाट आवासीय विद्यालय को को-एजुकेशन बनाने की घोषणा की गई है। अब यहां लड़कियों का भी नामांकन होगा। नेतरहाट की तर्ज पर तीन और विद्यालय खोले जाएंगे। इसके साथ ही मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालयों में नामांकन की बढ़ती होड़ सरकारी विद्यालयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का प्रमाण है।
बोर्ड परीक्षा में सफल विद्यार्थियों को सम्मान राशि, लैपटॉप और मोबाइल फोन प्रदान किए गए। जैक बोर्ड के टॉपर्स को स्कूटी भी मिली। सीएम स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के टॉपर्स को लैपटॉप और प्रमाण पत्र दिया गया। इसके अलावा 10वीं बोर्ड परीक्षा में शत-प्रतिशत परिणाम देने वाले विद्यालयों और आकांक्षा कोचिंग के सफल विद्यार्थियों को भी सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रमाणीकरण योजना अंतर्गत स्वर्ण श्रेणी में सफल विद्यालयों को पुरस्कृत किया गया।
सरकार ने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने के लिए कई कदम उठाए हैं। विदेश में उच्च शिक्षा के लिए शत-प्रतिशत स्कॉलरशिप, गुरुजी क्रेडिट कार्ड योजना के तहत 15 लाख रुपये तक शिक्षा ऋण बिना गारंटी, तथा विभिन्न छात्रवृत्तियों की राशि में वृद्धि की गई है।
इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, अपर मुख्य सचिव अविनाश कुमार, स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के सचिव उमाशंकर सिंह एवं राज्य परियोजना निदेशक शशि रंजन उपस्थित थे।












