सात सूत्री मांगों को लेकर सदर अस्पताल परिसर में आउटसोर्सिंग कर्मियों का अनिश्चितकालीन धरना
गिरिडीह:
जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल परिसर में शुक्रवार को झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के बैनर तले आउटसोर्सिंग कर्मियों ने अपनी सात सूत्री मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया। धरनारत कर्मियों ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी सभी मांगें पूरी नहीं की जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
आंदोलन कर रहे कर्मियों का आरोप है कि उन्हें लंबे समय से बकाया वेतन का भुगतान नहीं किया गया है। इसके साथ ही ईपीएफ, ईएसआई सहित पूर्व में की गई विभिन्न कटौतियों की राशि भी अब तक लंबित है। कर्मियों ने कहा कि सरकार द्वारा निर्धारित समय पर वेतन और बोनस का भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
धरनार्थियों की प्रमुख मांगों में सभी पदों पर कार्यरत आउटसोर्सिंग कर्मियों को नियुक्ति पत्र जारी करने, तकनीकी डिग्रीधारी कर्मियों को कुशल कामगार की श्रेणी में शामिल कर उचित वेतन भुगतान करने तथा प्रत्येक माह की 7 तारीख तक मानदेय का भुगतान सुनिश्चित करने की मांग शामिल है।
इसके अलावा अनुत्तीर्ण कंप्यूटर ऑपरेटरों के स्किल टेस्ट का परिणाम जारी कर पद बहाल करने और सिविल सर्जन द्वारा सभी प्रखंडों के प्रभारियों को प्रत्येक माह की 5 तारीख तक उपस्थिति (एबसेंटी) पर हस्ताक्षर करने के लिए बाध्य करने की मांग भी रखी गई है, ताकि समय पर वेतन भुगतान में कोई बाधा न आए।
आंदोलनरत कर्मियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन को और तेज करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।












