उपायुक्त रामनिवास यादव ने एच.ई हाई स्कूल के विकास कार्यों की प्रगति व गुणवत्ता की जांच की
गिरिडीह,
जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को एच.ई हाई स्कूल का औचक निरीक्षण कर विद्यालय के संरचनात्मक विकास के लिए चल रहे कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की जांच की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भवन निर्माण, बाउंड्री वॉल निर्माण, कक्षाओं के सुव्यवस्थितकरण सहित अन्य विकास कार्यों का जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों और कार्य एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। सभी कार्य पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं। उन्होंने निर्धारित समय सीमा के भीतर योजनाओं को पूरा करने तथा कार्यों में लापरवाही बरतने वाले संवेदकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने विद्यालय के छात्रावास का भी अवलोकन किया। उन्होंने साफ-सफाई, पठन-पाठन की गुणवत्ता, शिक्षकों की उपस्थिति तथा छात्र-छात्राओं को मिल रही सुविधाओं की समीक्षा की। बेहतर शैक्षणिक वातावरण और सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने विद्यार्थियों से बातचीत कर उनकी पढ़ाई-लिखाई, समझ और समस्याओं के बारे में जानकारी ली तथा शिक्षकों को शत-प्रतिशत उपस्थिति और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के निर्देश दिए।
मौके पर अनुमंडल पदाधिकारी, गिरिडीह, कार्यपालक अभियंता (एनआरईपी) सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।












