मुख्यमंत्री ने 160 चिकित्सकों को नियुक्ति पत्र सौंपा
रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने दुर्गा पूजोत्सव के अवसर पर राज्यवासियों को बड़ा तोहफ़ा दिया। स्वास्थ्य विभाग के तहत नवनियुक्त 160 सहायक प्राध्यापकों, दन्त चिकित्सकों और चिकित्सा पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र प्रदान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि चिकित्सा पदाधिकारियों की नियुक्ति राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को मज़बूत बनाने की दिशा में अहम कदम है। उन्होंने नवचयनित चिकित्सकों से कहा कि आपकी संवेदनाएं धरातल पर दिखनी चाहिए, ताकि गरीब और असहाय जनता को इसका सीधा लाभ मिल सके।
सीएम ने यह भी कहा कि सीमित संसाधनों में भी जुनून और सेवा भावना से बहुत कुछ किया जा सकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सकों को सम्मानित करने की परंपरा शुरू की जाए।
इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी समेत विभाग के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।














