सरिया क्षेत्र महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की पहली आमसभा सम्पन्न
सरिया :
सरिया क्षेत्र महिला किसान उत्पादक कंपनी लिमिटेड की पहली आमसभा शिवांगी मंडपम, सरिया में आयोजित हुई। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि विधायक नागेन्द्र महतो तथा विशिष्ट अतिथि जिला परिषद उपाध्यक्ष छोटेलाल यादव, क्षेत्रीय समन्वयक जय प्रकाश कुमार वर्मा, पूर्व सांसद प्रतिनिधि (बाल विकास विभाग) रामदेव ठाकुर, नगर सांसद प्रतिनिधि हेमलाल मण्डल और कंपनी की निदेशक रीना यादव, सुनीता देवी व बैजयंती वर्मा ने दीप जलाकर किया। इसके बाद अतिथियों को झारखंडी टोपी, फूलों का गुलदस्ता, माला और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
मुख्य अतिथि विधायक नागेन्द्र महतो ने अपने संबोधन में कहा कि किसान देश के अन्नदाता हैं, लेकिन लंबे समय तक बिचौलियों और जानकारी की कमी के कारण उन्हें उनकी उपज का सही दाम नहीं मिल पाता था। इसी समस्या को देखते हुए केन्द्र सरकार ने किसानों को संगठित करने और मजबूत बनाने के लिए दस हज़ार किसान उत्पादक संगठन (एफपीओ) बनाने का बड़ा अभियान शुरू किया है। सरिया में बनी यह कंपनी किसानों, खासकर महिलाओं, को फायदा पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएगी।
विशिष्ट अतिथि छोटेलाल यादव ने कहा कि किसानों को एक मंच पर संगठित करना, उन्हें बीज, खाद, दवा और खेती के औज़ार सस्ते दाम पर उपलब्ध कराना, आधुनिक तकनीक से उत्पादन बढ़ाना, सीधे मंडियों और बाज़ार से जोड़कर बेहतर दाम दिलाना और साथ ही स्थानीय उत्पाद का संवर्धन, पैकिंग और नामकरण कर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाना इस संगठन का उद्देश्य है। उन्होंने कहा कि जब किसान एकजुट होकर काम करेंगे, तब खेती में घाटा नहीं बल्कि लाभ होगा।
कार्यक्रम में कई साथियों को प्रशस्ति पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सामुदायिक समन्वयक अजय हांसदा, नीलम कुमारी, पंकज वर्मा, हीना खातून, बासुदेव वर्मा, मुस्तकीम रज़ा, दुलार चंद शर्मा, चमेली देवी, खूबलाल, सुनैना, परमेश्वर यादव समेत कई दीदियों का अहम योगदान रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता निदेशक बैजयंती वर्मा ने की और संचालन चमेली देवी ने किया।













