इंकलाबी नौजवान सभा का तीसरा जिला सम्मेलन सम्पन्न
गिरिडीह। इंकलाबी नौजवान सभा (आरवाईए) का तीसरा जिला सम्मेलन सरिया के शिवांगी मंडपम मे रविवार को बड़े उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में 59 सदस्यीय जिला कमिटी का गठन किया गया तथा सर्वसम्मति से नई कमिटी का चुनाव किया गया। इस दौरान कॉ. कामेश्वर यादव को जिला अध्यक्ष और कॉ. अशोक मिस्त्री को जिला सचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं मो. एकराम, दिनेश सोरेन, संतोष यादव, असगर अली और कुलदीप राय को जिला उपाध्यक्ष चुना गया, जबकि संयुक्त सचिव के रूप में राजकिशोर बैठा, जिम्मी चौरसिया, भोला महतो, आनंदी यादव, बनीता दीप और छोटू यादव का चयन किया गया। कुल मिलाकर 13 सदस्यीय ऑफिस बेयरर कमिटी का गठन किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद साथियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने के बाद ध्वजारोहण के साथ हुई। इस अवसर पर आरवाईए के राष्ट्रीय महासचिव कॉ. नीरज कुमार और सभी उपस्थित साथियों ने मौन रखकर शहीदों को याद किया। उद्घाटन सत्र को भाकपा–माले पोलित ब्यूरो सदस्य एवं बगोदर के पूर्व विधायक कॉ. विनोद कुमार सिंह ने संबोधित किया। उन्होंने कहा कि आज देश के सामने रोजगार, शिक्षा और प्रवासी मजदूरों का प्रश्न सबसे बड़ा है, लेकिन केंद्र सरकार इस मुद्दे पर पूरी तरह लापरवाह बनी हुई है। उन्होंने हाल ही में गिरिडीह के पाँच प्रवासी मजदूरों के नाइजर (अफ्रीका) में लापता होने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जिन मजदूरों की खोजबीन तक नहीं की गई, वे जिस कंपनी में काम करते थे, उसी कंपनी ने चुनावी बांड के जरिये केंद्र सरकार को करोड़ों रुपये का चंदा दिया था। इसके बावजूद मजदूरों की सुरक्षा की अनदेखी शर्मनाक है।
धनवार के पूर्व विधायक कॉ. राजकुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि आरवाईए भगत सिंह और अंबेडकर की विचारधारा पर चलने वाला संगठन है, जो अन्याय और शोषण के खिलाफ लगातार संघर्षरत रहेगा। उन्होंने राज्य सरकार की रोजगार नीति पर भी सवाल उठाए। वहीं, आरवाईए के राष्ट्रीय महासचिव कॉ. नीरज कुमार ने कहा कि मोदी सरकार ने सबसे ज्यादा धोखा नौजवानों को दिया है। 2 करोड़ वार्षिक रोजगार देने का वादा करने वाली सरकार ने युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है।
सम्मेलन से यह संकल्प लिया गया कि आने वाले समय में रोजगार के सवाल पर व्यापक आंदोलन खड़ा किया जाएगा और नौजवानों की आवाज़ को मजबूती से उठाया जाएगा। सम्मेलन में सीताराम पासवान, राजेश विशकर्मा, विभा पुष्पा दीप, कुश कुशवाहा, अमन पाण्डेय, अविनाश सिंह, इमरान नाजिर समेत कई नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।













