झारखंड पंचायत प्रतिनिधियों को नहीं मिल रहा मानदेय, विधायक नागेन्द्र महतो ने विधानसभा में उठाई आवाज
रांची, 21 जुलाई 2025:
बगोदर विधायक नागेन्द्र महतो ने झारखंड विधानसभा में गैर सरकारी संकल्प के तहत पंचायत जनप्रतिनिधियों को उनका उचित मानदेय और योजनाओं का लाभ दिलाने की मांग उठाई है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया है कि पंचायत प्रतिनिधियों को केंद्रीय वित्त आयोग की तर्ज पर राज्य वित्त आयोग से फंड मुहैया कराया जाए।
विधायक महतो ने विधानसभा सचिव को सौंपे अपने संकल्प पत्र में बताया कि वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 के लिए 15वें वित्त आयोग मद की राशि पंचायतों को नहीं दी जा रही है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों का विकास प्रभावित हो रहा है। उन्होंने यह भी बताया कि 14 विभागों से जानकारी मांगे जाने के बाद भी पंचायत प्रतिनिधियों को अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।
विधायक ने कहा कि जिस तरह सरकार गरीब व्यक्ति को योजनाओं का लाभ देती है, उसी प्रकार गरीब जनप्रतिनिधियों को भी सम्मान मिलना चाहिए। अन्यथा ये योजनाएं जनप्रतिनिधियों के लिए न्यायोचित नहीं मानी जाएंगी।
उन्होंने राज्य सरकार से अविलंब कार्रवाई करने की मांग की है ताकि पंचायत प्रतिनिधियों को मानदेय और लाभकारी योजनाओं का समुचित लाभ मिल सके।













