न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने ली पद एवं गोपनीयता की शपथ
रांची, 23 जुलाई। झारखंड उच्च न्यायालय को सोमवार को नया मुख्य न्यायाधीश मिला। हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के वरिष्ठ न्यायाधीश रह चुके न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने आज राजभवन, रांची में आयोजित एक गरिमामय समारोह में राज्यपाल श्री संतोष कुमार गंगवार से पद एवं गोपनीयता की शपथ ली।
शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने नवनियुक्त मुख्य न्यायाधीश को हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यकाल के लिए सफलता की कामना की।
इस अवसर पर झारखंड विधानसभा अध्यक्ष श्री रवींद्र नाथ महतो, कैबिनेट मंत्रीगण, विधायकगण, वरिष्ठ न्यायाधीश, प्रशासनिक अधिकारी एवं अन्य विशिष्ट अतिथि मौजूद रहे।
न्यायमूर्ति चौहान के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही न्यायिक क्षेत्र में पारदर्शिता, त्वरित न्याय और सुधार की अपेक्षाएं भी बलवती हुई हैं। न्यायमूर्ति चौहान को झारखंड उच्च न्यायालय का 17वां मुख्य न्यायाधीश नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में लंबे समय तक सेवा दे चुके हैं। वे मई 2014 में न्यायाधीश नियुक्त हुए थे और वर्ष 2023 में कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश का दायित्व भी निभा चुके हैं।
उनकी नियुक्ति की सिफारिश 26 मई को सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम द्वारा की गई थी, जिसे केंद्र सरकार ने 14 जुलाई को मंजूरी दी।
न्यायमूर्ति चौहान के आगमन से राज्य की न्यायिक व्यवस्था में नई ऊर्जा और दिशा की उम्मीद की जा रही है।













