*सरिया के प्रवासी मजदूर की गुजरात मे हुई मौत, परिजनों में कोहराम*
झारखंड के गिरिडीह,हजारीबाग, धनबाद और बोकारो जिले में प्रवासी मजदूरों की लगातार मौत,अपहरण, हत्या और परदेस में फंसने का सिलसिला थम नहीं रहा है।इसी कड़ी में अब गिरिडीह जिले के सरिया थाना क्षेत्र के कपलों पंचायत के चिरवां निवासी स्वर्गीय सुलेमान अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र ताहीर अंसारी की सोमवार को गुजरात में मौत हो गई।इसकी सूचना मिलते ही परिवार के लोग गमगीन हो गए हैं।ताहीर अंसारी परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे।ताहीर अंसारी गुजरात में टावर लाइन में कार्यरत थे।वे अपने पीछे पुत्र साहिल अंसारी(13),शोएब राजा(10), चांद अंसारी(07) और पुत्री समीरा खातून(05) को छोड़ गए हैं।प्रवासी हित में काम करने वाले समाजसेवी सिकन्दर अली ने संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि झारखंड के युवाओं के मरने की यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई लोगों की मौत हो चुकी है। रोजी-रोटी की तलाश में परदेश गए प्रवासी झारखंडी मजदूरों की मौत की खबर आए दिन आती रहती है।हर दिन झारखंड के किसी न किसी इलाके से दूसरे राज्यों या विदेश में प्रवासी मजदूरों की मौत की खबर आ रही है।ऐसे में सरकार को पलायन को लेकर ठोस नीति की जरूरत है।













