January 16, 2026 1:57 pm

कार्य क्षेत्र में निष्क्रिय सहिया पर गिरेगी गाज: उपायुक्त

कार्य क्षेत्र में निष्क्रिय सहिया पर गिरेगी गाज: उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश

स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार पर ज़ोर, लापरवाही पर होगी कार्रवाई

 

गिरिडीह, सोमवार:

जिला समाहरणालय सभागार में उपायुक्त रामनिवास यादव की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित एक अहम समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत स्वास्थ्य अवसंरचना मिशन (PM-ABHIM), 15वें वित्त आयोग, और अस्पताल प्रबंधन सहित विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन और प्रगति की समीक्षा की गई।

 

बैठक में उपायुक्त ने जिले की स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी और सुदृढ़ बनाने की दिशा में सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि सभी स्वास्थ्यकर्मी सजग, संवेदनशील और जवाबदेह तरीके से कार्य करें। उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाए।

 

निष्क्रिय सहिया को हटाने के निर्देश

 

बैठक के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों द्वारा यह जानकारी दी गई कि कई सहिया दीदियों द्वारा क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य नहीं किया जा रहा है। इस पर गंभीरता दिखाते हुए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि ऐसी सहिया की सूची तैयार कर सिविल सर्जन को सौंपी जाए, ताकि आगामी जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में प्रस्ताव पारित कर उन्हें कार्यमुक्त करने की कार्रवाई की जा सके।

 

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही या कोताही किसी भी सूरत में स्वीकार्य नहीं होगी, और दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

 

निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश

 

बैठक में जिले के विभिन्न सीएचसी/एचएससी भवनों के निर्माण कार्यों की प्रगति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने एनआरईपी, भवन प्रमंडल एवं विशेष प्रमंडल के कार्यपालक अभियंताओं को निर्देश दिया कि लंबित कार्यों में तेजी लाई जाए ताकि तय समयसीमा के भीतर सभी भवनों का निर्माण पूर्ण हो सके।

 

टीकाकरण और संस्थागत प्रसव को मिले प्राथमिकता

 

उपायुक्त यादव ने कहा कि “कोई बच्चा न छूटे” के लक्ष्य के तहत नियमित टीकाकरण, बच्चों का वजन मापन, और संस्थागत प्रसव के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा किया जाए। उन्होंने टीबी मुक्त पंचायत, एनीमिया मुक्त भारत, ई-संजीवनी पोर्टल, निश्चय मित्र, एएनसी रजिस्ट्रेशन और इंस्टिट्यूशनल डिलीवरी जैसे महत्वपूर्ण कार्यक्रमों की प्रगति की भी समीक्षा की और अधिकारियों को लक्ष्य के अनुसार उपलब्धि सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

 

बैठक में उप विकास आयुक्त, सिविल सर्जन, जिला यक्ष्मा पदाधिकारी, डॉ. अमित तिवारी (एसएमओ-WHO), डीपीएम (एनएचएम), प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

Ranjan Kumar
Author: Ranjan Kumar

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें