प्रणव वर्मा ने सर गंगाराम अस्पताल में दिशोम गुरु शिबू सोरेन का हालचाल लिया
गिरिडीह
झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय समिति सदस्य एवं वरिष्ठ नेता प्रणव वर्मा आज दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल पहुँचे, जहाँ उन्होंने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की और झामुमो के संस्थापक, पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी का हालचाल जाना।
प्रणव वर्मा ने अस्पताल में भर्ती गुरुजी के स्वास्थ्य की जानकारी प्राप्त की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने फोन पर जानकारी देते हुवे कहा कि दिशोम गुरु न केवल झारखंड के आदिवासी समाज के पथप्रदर्शक हैं, बल्कि वे झारखंड आंदोलन के आधार स्तंभ भी हैं। ऐसे जननायक का स्वस्थ रहना पूरे राज्य के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी गुरुजी की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर परिवार व कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनकी स्थिति में लगातार सुधार हो रहा है।
गौरतलब है कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन हाल के दिनों से अस्वस्थ चल रहे हैं और दिल्ली के सर गंगाराम अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है।













