January 13, 2026 11:26 am

दुबई में फंसे झारखंड के 15 मजदूरः सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लगाई मदद की गुहार*

*दुबई में फंसे झारखंड के 15 मजदूरः सोशल मीडिया पर वीडियो शेयर कर लगाई मदद की गुहार*

गिरिडीह

गिरिडीह, हजारीबाग,और धनबाद जिले के प्रवासी मजदूरों के विदेश में फंसे होने का मामला एक बार फिर सामने आया है। 15 प्रवासी मजदूर दुबई में फंसे हैं। सभी मजदूर मसाई कॉन्ट्रैक्टिंग एल.एल.सी. कंपनी में काम करने गए थे। प्रवासी मजदूरों की ओर से वायरल वीडियो में कहा गया है कि पिछले तीन माह से मजदूरों को कंपनी की ओर से मजदूरी का भुगतान नहीं किया गया है। मजदूरों के सामने खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है। मजदूरों ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अपनी दुर्दशा बताते हुए केंद्र और राज्य सरकार से वतन वापसी में सहयोग की अपील की है।केंद्र और झारखंड सरकार से श्रमिकों की मदद करने की अपील मजदूरों ने सोशल मीडिया पर अपनी पीड़ा बताई है।

*सामाजिक कार्यकर्ता ने की मदद की अपील*

झारखंड में प्रवासी श्रमिकों के लिए काम करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता सिकंदर अली ने केंद्र और झारखंड सरकार से अपील की है कि इन मजदूरों की सकुशल वतन वापसी के लिए ठोस पहल की जाए।इसके पहले भी कई बार ऐसा मामला सामने आया है, जब प्रवासी मजदूर पैसे कमाने के लिए विदेश चले गए।वहां जाने के बाद उनका शोषण किया गया।काम करवाकर उन्हें पैसे नहीं दिए गए।बदहाली में वक्त गुजारने को मजबूर हो गए।फिर अपने देश और राज्य की सरकार से अपील की। सरकार की मदद से उनकी सुरक्षित वापसी करवाई गई।फिलहाल बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत जोबार पंचायत के दो प्रवासी मजदूर का शव सऊदी अरब और कुवैत में पड़ा हुआ है। जबकि गिरिडीह जिले के बगोदर के पांच मजदूर जो पिछले दो महीने पूर्व पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर में अगवा हो गए हैं।जिनकी रिहाई अभी तक नहीं हो पाई है।

*दुबई में फंसे मजदूर*

हजारीबाग जिले के बिष्णुगढ़ थाना क्षेत्र के अंतर्गत अलखरी खुर्द के चुरामन महतो,चंद्रिका महतो,कैलाश महतो,उदयपुर के बिशुन महतो,जगन्नाथ सिंह,चितरामो के लखन सिंह,सुखदेव सिंह,गोविंदपुर के अर्जुन महतो,आंगो थाना क्षेत्र अंतर्गत जोलमी के त्रिलोकी महतो,पलमा के बालेश्वर महतो,गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र के अंतर्गत अम्बाडीह के बैजनाथ महतो,महेंद्र महतो, निमियांघाट थाना क्षेत्र के अंतर्गत माकन के सीताराम महतो,मूरत महतो और धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र के अंतर्गत नेरो के संजय कुमार महतो शामिल है।

Ranjan Kumar
Author: Ranjan Kumar

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें