कुसमर्जा में बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा तोड़ने की घटना पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो ने जताया तीखा विरोध
गिरिडीह
बगोदर प्रखंड के कुसमर्जा गांव में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने और कथित रूप से उस पर थूकने जैसी शर्मनाक घटना से क्षेत्र में भारी रोष व्याप्त है। इस अमानवीय कृत्य की जानकारी मिलते ही बगोदर विधायक नागेंद्र महतो स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
विधायक ने इस घटना को न केवल बाबा साहब का अपमान, बल्कि सामाजिक सौहार्द और संविधान की मूल भावना पर सीधा हमला बताया। उन्होंने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे समाज को बांटने की साजिश करार दिया और दोषियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग की।
विधायक नागेंद्र महतो ने कहा,
“बाबा साहब अंबेडकर न केवल दलितों के मसीहा बल्कि पूरे देश के संविधान निर्माता हैं। उनकी प्रतिमा का अपमान पूरे समाज का अपमान है। इसे किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा।”
घटनास्थल पर बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम भी मौजूद थे, जिन्हें विधायक ने कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया। ग्रामीणों में इस घटना को लेकर गहरा आक्रोश देखा गया, हालांकि विधायक ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की और भरोसा दिलाया कि दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा।
घटना के दौरान मौके पर उपस्थित प्रमुख लोग:
सांसद प्रतिनिधि महेश मिश्रा, मुखिया चिंतामणि महतो, भाजपा नेता नरेश रजक, रघु सोनी, अशोक रविदास, नीलकंठ रविदास, लक्ष्मण रविदास, बिरजू रविदास, तालेश्वर महतो, मोहन कुमार, दिनेश महतो, मंटू यादव, अशोक साव, मनोज कुमार, विनोद रविदास सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित रहे।
घटना के बाद प्रशासन पर जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने का दबाव बन गया है। स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाएंगे।













