January 15, 2026 4:30 pm

22 जून को आजसू मनाएगी स्थापना दिवस, बलिदान दिवस के रूप में होगा आयोजन

22 जून को आजसू मनाएगी स्थापना दिवस, बलिदान दिवस के रूप में होगा आयोजन

हरिवंश टाना भगत स्टेडियम, खेलगांव रांची में होगा मुख्य समारोह

 

रांची, 18 जून:

आजसू पार्टी 22 जून को अपना स्थापना दिवस ‘बलिदान दिवस’ के रूप में मनाने जा रही है। इस अवसर पर मुख्य समारोह खेलगांव स्थित हरिवंश टाना भगत इंडोर स्टेडियम में आयोजित होगा। कार्यक्रम में राज्यभर से पार्टी कार्यकर्ता शामिल होंगे। झारखंड आंदोलन के शहीदों को समर्पित यह आयोजन राज्य की मौजूदा सामाजिक-राजनीतिक स्थिति पर आत्मचिंतन और भविष्य निर्माण का संकल्प होगा।

 

आज पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में आयोजित संयुक्त प्रेस वार्ता में वरिष्ठ झारखंड आंदोलनकारी नेताओं डॉ. देवशरण भगत, प्रवीण प्रभाकर, हसन अंसारी, राजेंद्र मेहता और दीपक महतो ने बताया कि बलिदान दिवस केवल अतीत को स्मरण करने का दिन नहीं, बल्कि झारखंड के सपनों को पुनः संजोने और नई दिशा देने का अवसर है।

 

डॉ. भगत ने कहा,

“यह दिन झारखंड आंदोलन के उन अमर शहीदों को समर्पित है, जिन्होंने राज्य की अस्मिता और अधिकारों की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। यह अवसर हमें यह सोचने को बाध्य करता है कि राज्य गठन के बाद हम जनता की अपेक्षाओं पर कितना खरा उतरे हैं।”

 

कार्यकर्ताओं की बड़ी भागीदारी:

नेता प्रवीण प्रभाकर ने जानकारी दी कि समारोह में राज्य के सभी 24 जिलों व 260 प्रखंडों से हजारों कार्यकर्ता भाग लेंगे। इससे पूर्व 21 जून को जिला और विधानसभा स्तर पर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया जाएगा।

 

पार्टी की अनुषंगी इकाइयां रहेंगी सक्रिय:

हसन अंसारी ने बताया कि महिला, छात्र, युवा, अधिवक्ता, श्रमिक, किसान एवं बुद्धिजीवी संगठन के प्रतिनिधि भी समारोह में मौजूद रहेंगे। सभी प्रमंडलों और जिलों में तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया गया है।

 

नए सदस्यों का जोश:

प्रेस कांफ्रेंस के पूर्व सुमित कुमार, अभिषेक त्रिवेदी, संजीव पासवान, पिंकू वर्मा, पीनू प्रसाद व अमित सहित कई युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ली।

 

प्रेस वार्ता में ये भी रहे मौजूद:

युवा नेता संजय मेहता, मीडिया संयोजक परवाज खान और महानगर प्रवक्ता देवाशीष चट्टोराज समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

 

 

Ranjan Kumar
Author: Ranjan Kumar

और पढ़ें

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें