गिरिडीह में हथियार के साथ दो युवक गिरफ्तार, लूट की योजना में थे संलिप्त
गिरिडीह, 18 जून 2025:
गिरिडीह पुलिस को आज एक बड़ी सफलता मिली जब पचम्बा थाना क्षेत्र के पेसराबहियार गांव में गुप्त सूचना के आधार पर की गई छापेमारी में दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया गया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि टोटो (संख्या: JH11AT-7426) में बैठे दो युवक सवारियों को हथियार दिखाकर लूटने की कोशिश कर रहे हैं। तत्पश्चात पुलिस उपाधीक्षक (मु-02) के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी अभियान चलाया गया।
जैसे ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, टोटो में सवार दोनों युवक पुलिस वाहन को देखकर भागने लगे। परंतु, सशस्त्र बल की सहायता से दोनों को खदेड़कर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान इस प्रकार हुई:
1. जाहिद अंसारी (उम्र 22 वर्ष), निवासी आजाद नगर, भंडारीडीह, थाना पचम्बा
2. अनिकेत कुमार दांती (उम्र 23 वर्ष), निवासी झरिया गादी, गिरिडीह रेलवे स्टेशन के पास
तलाशी के दौरान जाहिद अंसारी के पास से एक लोडेड देशी कट्टा (315 बोर का) और अनिकेत कुमार दांती के पॉकेट से एक जिंदा गोली बरामद हुई। पूछताछ में दोनों युवक हथियारों के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर पाए। टोटो वाहन की भी तलाशी ली गई, लेकिन उसमें कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।
पुलिस ने देशी कट्टा, जिंदा गोलियों और टोटो वाहन को सील कर जब्त कर लिया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पचम्बा थाना कांड संख्या 76/25, धारा 25(1-B)(a)/25(1-a) आर्म्स एक्ट 1959 के तहत मामला दर्ज किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।













