शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों को 2.66 करोड़ की सहायता राशि, मुख्यमंत्री से की मुलाकात
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने सम्मान राशि का चेक सौंपा, पेंशन और अन्य लाभ जल्द देने का निर्देश
रांची, 17 जून:
मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मंगलवार को झारखंड जगुआर (एसटीएफ) के शहीद आरक्षी सुनील धान के परिजनों ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने शहीद के परिवार को कुल 2 करोड़ 66 लाख 26 हजार 972 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
परिजनों को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की पुलिस सैलरी पैकेज योजना के तहत 1 करोड़ 20 लाख रुपये का चेक सौंपा गया, वहीं गृह विभाग की ओर से 1 करोड़ 46 लाख 26 हजार 972 रुपये की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा की गई।
मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि शहीद सुनील धान ने राज्यवासियों की सुरक्षा में अपना सर्वोच्च बलिदान दिया है। “झारखंड अपने शहीदों का हमेशा ऋणी रहेगा। सरकार परिजनों के सुख-दुख में साथ खड़ी है और हरसंभव सहायता देती रहेगी,” उन्होंने कहा।
शहीद के परिवार में उनकी पत्नी, दो छोटे बेटे और वृद्ध मां शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने परिजनों से सहानुभूति के साथ बातचीत की और बच्चों की शिक्षा के प्रति सजग रहने की सलाह दी। साथ ही उन्होंने शहीद की पत्नी को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी का प्रस्ताव भी दिया। पत्नी ने बच्चों की छोटी उम्र का हवाला देते हुए कहा कि वह इसपर भविष्य में विचार करेंगी।
मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिया कि शहीद के परिवार को मिलने वाले सभी लाभ—पेंशन, आर्थिक सहायता व अन्य सुविधाएं—समय पर और पूरी तरह से उपलब्ध कराई जाएं। अधिकारियों ने अवगत कराया कि पेंशन प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है और आगामी माह से भुगतान शुरू कर दिया जाएगा।
गौरतलब है कि 12 अप्रैल 2025 को चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत रातामाटी गांव के जंगल में नक्सलियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान हुए आईईडी विस्फोट में आरक्षी सुनील धान गंभीर रूप से घायल हो गए थे। रांची में इलाज के दौरान उन्होंने वीरगति प्राप्त की।
इस अवसर पर गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, झारखंड जगुआर के डीआईजी इंद्रजीत महथा, सीनियर डीएसपी सुनील कुमार रजवार, एसबीआई के उप महाप्रबंधक मनोज कुमार और मुख्य प्रबंधक विकास पांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।













