ओवरब्रिज निर्माण बंद होने के विरोध में RYA का युवा आक्रोश मार्च, रेल मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन
सरिया (गिरिडीह):
सरिया रेलवे ओवरब्रिज निर्माण कार्य बीते दो महीनों से संवेदक द्वारा बिना किसी स्पष्ट कारण के रोके जाने के विरोध में रविवार को इंकलाबी नौजवान सभा (RYA) के बैनर तले दर्जनों युवाओं ने युवा आक्रोश मार्च निकाला। मार्च के उपरांत आंदोलनकारियों ने हजारीबाग रोड (सरिया) रेलवे स्टेशन पहुंचकर स्टेशन प्रबंधक को रेल मंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि ओवरब्रिज निर्माण कार्य को अविलंब पुनः शुरू किया जाए, अन्यथा आंदोलन को तेज करते हुए रेलवे ट्रैक जाम किया जाएगा।
मार्च के दौरान युवाओं ने सवाल उठाया कि जब ओवरब्रिज का निर्माण स्वीकृत है और कार्य प्रारंभ हो चुका था, तो आखिर किन कारणों से इसे रोका गया? उन्होंने रेल मंत्री, स्थानीय सांसद और विधायक से जवाब मांगा कि जनता की सुविधाओं से जुड़ी इस परियोजना को अधर में क्यों छोड़ दिया गया है।
प्रदर्शनकारियों ने चेताया कि यदि आगामी दिनों में कार्य बहाल नहीं किया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप देते हुए रेलवे परिचालन को बाधित किया जाएगा, कार्यक्रम मे संदीप जायसवाल धीरेन्द्र सिंह, विभा पुष्प दीप, प्रमोद मंडल,जिम्मी चौरसिया,अविनाश सिंह, शुभम दुबे,अमन पाण्डेय, राहुल मंडल, कामेश्वर यादव, इमरान नाजीर समेत सैकड़ो कार्यकर्त्ता मौजूद थे।













