- आईएएस विनय चौबे गिरफ्तार
रांची। झारखंड में बड़ा प्रशासनिक भूचाल आया है। राज्य के सीनियर आईएएस अफसर विनय चौबे को भ्रष्टाचार के एक मामले में एसीबी ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी से पहले उनसे कई घंटे तक पूछताछ की गई और मेडिकल जांच के बाद उन्हें कोर्ट में पेश किया गया।
एसीबी की टीम सुबह करीब 11 बजे उनके सरकारी आवास पहुंची और उन्हें अपने दफ्तर ले गई। उन पर आरोप है कि उनके कार्यकाल के दौरान लागू की गई नई उत्पाद नीति का फायदा उठाकर छत्तीसगढ़ के शराब माफिया ने झारखंड में बड़ा घोटाला किया।
इस मामले में झारखंड एसीबी ने सरकार की मंजूरी के बाद प्राथमिक जांच शुरू की थी, जो अब नियमित एफआईआर और पूछताछ तक पहुँच गई है।
गौर करने वाली बात यह है कि इसी मामले में छत्तीसगढ़ ईडी ने पहले ही कार्रवाई की थी और अक्टूबर 2024 में झारखंड कनेक्शन का खुलासा भी किया था। ईडी ने विनय चौबे और कुछ अन्य जगहों पर छापेमारी भी की थी।













