झारखंड में जन-वितरण प्रणाली को मिलेगी नई रफ्तार, डीलरों को मिलेंगी 4G ई-पॉस मशीनें
रांची: झारखंड सरकार ने राज्य की जन-वितरण प्रणाली (PDS) को और अधिक पारदर्शी, सुलभ और तकनीकी रूप से सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। अब राज्य के सभी सार्वजनिक वितरण प्रणाली डीलरों को 4G आधारित ई-पॉस मशीनें उपलब्ध कराई जाएंगी। इस पहल से लाभुकों को समय पर और बिना किसी कठिनाई के राशन उपलब्ध हो सकेगा।
राज्य के खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग को इस बाबत लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि 2G ई-पॉस मशीनों की धीमी गति और नेटवर्क समस्या के कारण राशन वितरण में बाधाएं आ रही थीं। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से चर्चा के बाद 4G आधारित ई-पॉस मशीनों की खरीद के लिए ₹100 करोड़ के व्यय प्रस्ताव को स्वीकृति दी है।
विभाग ने मशीनों की खरीद के लिए निविदा प्रक्रिया (टेंडर) शुरू कर दी है। प्रक्रिया पूरी होते ही राज्य के सभी पीडीएस डीलरों को नई 4G तकनीक से लैस ई-पॉस मशीनें प्रदान की जाएंगी। इससे न केवल वितरण प्रणाली अधिक पारदर्शी होगी, बल्कि लाभुकों को भी समय पर सुविधा मिलेगी।
राज्य सरकार की यह पहल झारखंड में डिजिटल ट्रांजैक्शन को बढ़ावा देने और पीडीएस व्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम मानी जा रही है।













