पश्चिमी अफ्रीका में बगोदर के 5 झारखंडी मजदूर आतंकियों के कब्जे में, JLKM पार्टी छेड़ेगी डिजिटल आंदोलन
रांची
पश्चिमी अफ्रीका के नाइजर देश में बीते 11 दिनों से झारखंड के गिरिडीह जिला अंतर्गत बगोदर क्षेत्र के 5 मजदूर आतंकी संगठन के चंगुल में फंसे हुए हैं। बताया जा रहा है कि ये सभी मजदूरी के लिए नाइजर गए थे, जहां एक सशस्त्र आतंकी समूह ने इन्हें बंधक बना लिया है।
परिजनों में चिंता का माहौल है और प्रशासन की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई सामने नहीं आई है। इस बीच जयराम महतो की पार्टी ‘झारखंडी लोककल्याण मंच (JLKM)’ ने इन मजदूरों की रिहाई और सकुशल वापसी के लिए एक डिजिटल आंदोलन शुरू करने का एलान किया है।
यह डिजिटल आंदोलन 6 मई (मंगलवार) सुबह 10 बजे से शुरू किया जाएगा, जिसका उद्देश्य अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इस मुद्दे को उजागर करना है, ताकि केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय संस्थाएं इसमें तुरंत हस्तक्षेप करें।
JLKM पार्टी का कहना है कि “यह सिर्फ 5 लोगों का सवाल नहीं, बल्कि झारखंड के हजारों मजदूरों की सुरक्षा से जुड़ा सवाल है, जो रोज़ी-रोटी की तलाश में विदेश जाते हैं।”
सोशल मीडिया पर आंदोलन को समर्थन देने के लिए #Bring_Back_Jharkhandi_Workers और #JusticeForJharkhandiLabourers जैसे हैशटैग चलाए जा रहे हैं।
पार्टी ने जनता, सामाजिक संगठनों और मानवाधिकार संस्थाओं से इस अभियान में जुड़ने की अपील की है।













