सड़क दुर्घटना में घायल अनु सेवक की इलाज के दौरान मौत, अंचल कार्यालय में शोक
सरिया अंचल कार्यालय में लगभग 14 वर्षों से अनुसेवक पद पर कार्यरत सच्चिदानंद प्रसाद (45)की मौत इलाज हेतु रांची ले जाने के क्रम में मंगलवार को हो गई.वे बिहार प्रदेश के गया जिला के रहने वाले थे. बताया जाता है कि वे बीते शनिवार की रात लगभग 9:00 बजे बगोदर की ओर से अपनी बाइक से सरिया अंचल कार्यालय स्थित अपना आवास आ रहे थे.इसी बीच किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे.इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार उन्हें आनन-फानन में प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज हेतु धनबाद ले जाया गया था.जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखकर मंगलवार को चिकित्सकों ने उन्हें रांची रेफर कर दिया गया.रांची ले जाने के क्रम में बीच रास्ते में ही उन्होंने अंतिम सांस ली.वे अपने पीछे पत्नी सुमन कुमारी तथा दो पुत्र क्रमशः सोनू और मोनू को छोड़ गए हैं.परिजनों के अनुसार मृतक अनु सेवक सच्चिदानंद प्रसाद का अंत्य परीक्षण रांची में कराए जाने के पश्चात शव को परिजनों को सौंप दिया गया. वहीं घटना की सूचना पर सरिया अंचल कार्यालय में मंगलवार को शोक सभा आयोजित की गई. लोगों ने संवेदना व्यक्त की. 2 मिनट का मौन रखकर ईश्वर से आत्मा की शांति हेतु विनती किया.इस संबंध में अंचल अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि सच्चिदानंद प्रसाद अपने कार्य के प्रति काफी ईमानदार व कर्तव्य निश्चित थे. बीते एक दशकों से अधिक समय से उन्होंने अंचल कार्यालय में ईमानदारी पूर्वक सेवा दी. सड़क दुर्घटना के बाद अंचल कार्यालय परिवार काफी मर्माहत है.शोक व्यक्त करने वालों में सरिया एसडीएम संतोष गुप्ता,अंचल अधिकारी संतोष कुमार, प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी,विनय कुमार, राजेश सूर्या,तासीन अंसारी,डॉ अनूप कुमार,विशाल कुमार आदि के नाम शामिल हैं.
संवाददाता: लक्ष्मी नारायण पांडेय













